मेरठ। मेरठ कॉलेज में बीए-बीएससी-बीकॉम के द्वितीय सेमेस्टर में गलत वोकेशनल विषय भरवाए जाने के मामले में शुक्रवार को छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज से गलती सुधार कर परीक्षा कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मेरठ कॉलेज के मुख्य द्वार पर शुक्रवार को छात्र नेता विजित तालियान के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित होकर मंगल पांडे पार्क पहुंचे। यहां से नारेबाजी करते हुए छात्र प्राचार्य के कार्यालय के नीचे पहुंच गए। प्रोक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो छात्रों की बहस हो गई। छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य कार्यालय में धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर में गलत वोकेशनल कोर्स भरवा दिए और छात्र-छात्राओं को अनुपस्थित दिखा दिया।
विजित और छात्र नेता हर्ष चहल ने प्राचार्य से कहा कि कॉलेज की गलती छात्रों पर थोपी जा रही है, इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन द्वारा तीन दिन का समय मांगे जाने पर छात्रों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान छात्रों ने लैब में उपकरणों की कमी व छात्रावासों के मुद्दों को उठाया। हंगामा करने वालों में रोहित करनावल, गुडडू मल्लापुर, आर्यन प्रजापति, वरुण राणा, योगी बालियान, लवनीत मलिक, बादल यादव, आयुष चौधरी, लवी चौधरी, अजहर राणा, कैफ मौजूद रहे। वहीं, तेज विहार कंकरखेड़ा निवासी नरेश कुमार की तरफ से इस मामले में राज्यपाल से कॉलेज की शिकायत की गई है।