एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर रालोद के सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद पर गंभीर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सिवालखास की जनता, खासकर मुस्लिम वोटरों ने उन्हें भाजपा को हराने के लिए वोट किया था लेकिन अब वह मुस्लिमों के हक की कोई बात नहीं करते। वह कांवड़ियों पर फूल बरसाते हैं, क्या वह नमाजियों पर भी फूल बरसा सकते हैं।
शादाब चौहान का करीब साढ़े चार मिनट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह सवाल करते हैं कि क्या गुलाम मोहम्मद ने ऐसी आतुरता कभी मुसलमानों के घरों पर चल रहे बुलडोजर को रोकने के लिए दिखाई, जैसी वह कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने में दिखा रहे थे। कभी मुसलमानों के हितों के लिए सरकार से कोई सवाल पूछा। यह सिवालखास की जनता के साथ गद्दारी है। सिवालखास का बच्चा-बच्चा उनसे यह सवाल पूछेगा।
वहीं, इस संबंध में गुलाम मोहम्मद ने सिर्फ इतना कहा है कि मुहब्बत का पैगाम जहां तक पहुंचे, पहुंचना चाहिए। यही हमारा काम है। कांवड़ियों पर फूल बरसाना कोई गुनाह नहीं है। जो भी मेरे बारे में गलत शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वही उनका काम है।