बेकाबू रोडवेज बस पलटते बची, छह चोटिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। फलावदा चौराहे के पास एक वाहन को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस बेकाबू होकर पलटने से बची हादसे में परिचालक सहित छह यात्री चोटिल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मेरठ डिपो की बस यूपी 15 बीटी 2546 मेरठ से सवारी लेकर बिजनौर के लिए चली थी। बहसूमा बाईपास पर फलावदा चौराहे से पहले सामने से आ रहे ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क किनारे पलटने से बाल बाल बची। बस में 60 सवारियां थी। परिचालक रीतू निवासी मुरादनगर सहित यात्री ज्योति वर्मा निवासी नूरपुर, स्तुति, महिमा चौधरी निवासी हलदौर, पल्लवी धामपुर, संदीप मीरापुर को चोट लगी। उनका उपचार कराया गया। शेष यात्रियों को दूसरी बस में रवाना किया गया। हादसे की सूचना पर आरएम केके शर्मा मौके पर पहुंचे। वहीं एटीआई मनोज शर्मा ने बाईपास से बस लेकर जा रहे दो बसों का चालान किया।
कम लग रहे थे ब्रेक
मवाना। परिचालक रीतू ने बताया कि जिस समय चालक बस को मेरठ बस स्टैंड से लेकर चला था, उस समय ब्रेक कम लग रहे थे। इसके बावजूद चालक बस को ले आया। उन्होंने बताया कि वह बीते दस दिन से बुखार से पीड़ित थीं। आज ही ड्यूटी पर लौटी थीं।
निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, मजदूर घायल
मवाना। फलावदा रोड पर निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से एक मजदूर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, फलावदा रोड पर विवाह मंडप के पास एक व्यक्ति मकान बनवा रहा है। मंगलवार को लेंटर डालने का कार्य लगभग पूरा हो चुका था। अंतिम चरण में अचानक सेंटरिंग में लगी बल्ली टूट गई। इससे लिंटर नीचे आ गया। इसकी चपेट में आने से मजदूर घायल हो गया। इस संबंध किसी ने कोई शिकायत नहीं की।