परीक्षितगढ़। नगर के मवाना बस स्टैंड के समीप एक व्यक्ति आरपीएल के नाम से फर्जी पैथालॉजी लैब चला रहा था। महिला चिकित्सक ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। चिकित्सक तहरीर देने थाने पहुंची। पुलिस ने मामला स्वास्थ्य विभाग का बताया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी से शिकायत करने की बात कही। नगर के मवाना बस स्टैंड स्थित आरपीएल के नाम से पैथालॉजी लैब है। एक व्यक्ति लैब पर अपनी बीमारी की जांच कराने पहुंचा। इसके बाद वह मेरठ में एक चिकित्सक के पास पहुंचा। पीड़ित ने महिला चिकित्सक प्रभुता चटर्जी को बताया कि उनके नाम से परीक्षितगढ़ में फर्जी पीएल लैब संचालित है। महिला चिकित्सक सुभारती में पैथालॉजी में कार्यरत हैं। अपने नाम से फर्जी लैब संचालित होने की जानकारी मिलने पर चिकित्सक हिमालय व सुनील के साथ नगर के मवाना बस स्टैंड पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस लैब से दो युवकों को पकड़कर थाने ले गई। महिला चिकित्सक लैब संचालक के खिलाफ थाने में तहरीर देने लगी। महिला चिकित्सक का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर लेने से इन्कार करते हुए मामला स्वास्थ्य विभाग का बताया। महिला चिकित्सक को थाने में बैठा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। अब महिला चिकित्सक सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगी।