हस्तिनापुर। मंगलवार की शाम मुख्य मार्ग पर राजकीय महाविद्यालय के सामने ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक ने दो विद्युत खंभों और बिजली लाइन को तोड़ दिया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। मखदूमपुर कॉलोनी के समीप मुख्य मार्ग पर ओवरलोड ट्रक में लदे गन्ने बिजली की लाइन से टकरा गए। इससे दो खंभे टूट गए। इससे कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। मौके पर पहुंचे विद्युत निगम के अवर अभियंता सत्यवीर सिंह ने पुलिस को सूचना दी और ट्रक कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया। अवर अभियंता ने ट्रक चालक के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि वहीं पर विद्युतकर्मी विद्युत तार बदलवा रहे थे। इससे दो कर्मी भी घायल हुए हैं। थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी का कहना है कि अभियान चलाकर ओवरलोड ट्रकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।