सरधना। कस्बा चौकी तिराहे पर पुलिस क्वार्टर टूटकर गिरे एचटी लाइन के पोल। संवाद
सरधना। कस्बा चौकी तिराहे के पास पुराने मकान को तोड़ते समय उसका मलबा हाईटेंशन लाइन के पोल पर गिर गया। जिसके चलते एचटी लाइन के दो पोल टूटकर पुलिस आवासीय भवन की तरफ गिर गए। गनीमत रही कोई करंट की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा होने से टल गया। कस्बा चौकी तिराहे के पास गुलाब अपने पुराने मकान को तुड़वा रहा था। शनिवार सुबह मजदूर मकान को तोड़ने में लगे हुए थे। उसी समय भवन का मलबा अचानक वहां लगे हाईटेंशन लाइन के सीमेंट से बने दो पोल पर जा गिरा और पोल टूटकर रास्ते के दूसरी तरफ बने पुलिस आवासीय भवन की तरफ झुक गए। जिस समय हादसा हुआ उस समय विद्युत आपूर्ति भी चालू थी। गनीमत रही कोई हाईटेंशन लाइन की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा होने से टल गया। पोल टूटने के बाद गुलाब ने सूचना ऊर्जा निगम अधिकारियों को देकर आपूर्ति बंद कराई। देर शाम ऊर्जा निगम कर्मियों ने नए पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई और मकान मालिक पर जुर्माना भी लगाया। संवाद