खरखौदा/बहसूमा। अलग-अलग सड़क हादसों में बुजुर्ग सहित दो लोगों की मौत हो गई। हापुड़-किठौर मार्ग पर अतराड़ा गांव के सामने कार ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी और गांव झुनझुनी के पास किसी वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। इन घटनाओं में दोनों की जिंदगी खत्म हो गई।
खरखौदा क्षेत्र के गांव का अब्बास चौधरी (60) शुक्रवार शाम साइकिल से हापुड़-किठौर मार्ग पर कब्रिस्तान के पास बने क्रय केंद्र पर गन्ने का हिसाब करने गया था। वहां से लौटते समय उसे पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गया। कार उसे कुचलती हुए खाई में जाकर पलट गई। बताया गया कि कार में सवार एक महिला भी घायल हुई है। गंभीर रूप से घायल अब्बास को हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
वहीं, दूसरे हादसे में बहसूमा क्षेत्र के गांव झुनझुनी के पास किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार प्रवीण (50) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार देर शाम सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल प्रवीण को मवाना सीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रवीण गडीना थाना फलावदा के निवासी थे। प्रवीण के परिवार की ओर कोई तहरीर नहीं दी गई है।