सिमरन की हत्या के आरोप में दो लोग और गिरफ्तार
सरूरपुर। हर्रा कस्बे में एक सप्ताह पूर्व महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दिल्ली के शाहदरा के हर्ष विहार थाना क्षेत्र के मंडौली बुद्ध विहार गली नंबर-12 निवासी सिमरन पुत्री शरीफ की हर्रा कस्बे में किराये के मकान पर पति आमिर ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतका की मां शाबरी ने बेटी के पति आमिर सहित चार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर महिला का शव जैनपुर गांव में जमीन से बरामद किया था। आरोपी पति को सोमवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार आरोपियों में से बबलू निवासी बिनौली बागपत तथा आरिज निवासी पुत्र मतीन निवासी अलीगढ़ को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।