नशेड़ी ने जमीन पर पटक कर दिया था घायल, मुकदमा हत्या में होगा दर्ज
बेटे की जान बचाने के लिए पिता ने गांव का मकान दिया था बेच
संवाद न्यूज एजेंसी
कंकरखेड़ा। नंगलाताशी गांव में एक अक्तूबर को नशेड़ी घर के बाहर खेल रहे लगभग ढाई वर्षीय इमरान को जमीन पर पटककर घायल कर दिया था। मासूम ने 15 दिन बाद मंगलवार देर शाम अस्पताल में दम तोड़ दिया। बच्चे के उपचार के लिए पिता ने अपने गांव का मकान बेच दिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी को पूर्व में ही जेल भेज दिया गया है। जानलेवा हमले के मामले को हत्या में तब्दील किया जा रहा है।
रोहटा थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव निवासी अकरम ने 15 दिन पूर्व थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि वह 10 वर्ष से नंगलाताशी गांव में अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा है। परिवार में पत्नी साहिबा व दो बेटे थे। बड़ा बेटा ढाई वर्षीय इमरान व छोटा बेटा उस्मान है। बड़ा बेटा इमरान 15 दिन पूर्व घर के बाहर सड़क पर खेल रहा था। इसी बीच गांव का ही एक युवक सलमान नशे की हालत में मौके पर पहुंचा था। जिसके बाद आरोपी ने बच्चे को नशे की हालत में जमीन पर पटकना शुरू कर दिया था।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिजन बाहर की तरफ दौड़े। परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया था। परिजनों ने घायल बच्चे को हाईवे स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। बेटे को याद कर मां का बुरा हाल है। पड़ोसियों व परिजनों ने किसी तरह परिवार के सदस्यों को संभाला।
पीड़ित पिता ने बताया कि उसने बेटे की जान बचाने और इलाज के लिए अपने गांव का मकान बेच दिया था। लेकिन वह बेटे को नहीं बचा पाया।