मेरठ। आबूलेन में स्कार्पियो चढ़ाकर गुब्बारा बेचने वाले की मौत के मामले में अभी दो आरोपी फरार चल रहे हैं। चर्चा है कि दोनों को थाने से जमानत देने की कवायद की जा रही है। यही कारण है कि आरोपियों के घर पर पुलिस ने अभी तक दबिश नहीं डाली है।
विज्ञापन
24 अक्तूबर की रात आबूलेन बाजार में अनियंत्रित स्कर्पियो ने गुब्बारे बेचने वाले मानु निवासी नारायण दास खेड़ा जिला उन्नाव और हाल निवासी रेलवे रोड को कुचल दिया था। स्कार्पियो से शराब की बोतलें भी बरामद की गई थी। पुलिस ने स्कार्पियो सवार मोहिउद्दीनपुर निवासी मनिक दलाल, कृष्णा वाटिका निवासी ट्रांसपोर्टर अरविंद शर्मा के बेटे तनिष्क शर्मा, भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता उर्फ काले का भांजा कार्तिक गुप्ता निवासी गुप्ता कालोनी, अराध्या हाइट्स निवासी चिराग खुराना और ब्रह्मपुरी बिशन चौक निवासी अनुभव गोयल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने कार चालक मनिक और तनिष्क शर्मा को जेल भेज दिया था। अनुभव गोयल का मुजफ्फरनगर में उपचार चल रहा है। अभी तक प्रापर्टी डीलर का बेटा चिराग खुराना और कार्तिक गुप्ता को पुलिस पकड़ नहीं पाई। माना जा रहा है कि दोनों आरोपियों को थाने से जमानत देने की कवायद की जा रही है। यही कारण है कि पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों के घर पर कोई दबिश नहीं डाली है। एसओ शशांक द्विवेदी ने बताया कि थाने की पुलिस शोभायात्रा में व्यस्त रही। रविवार को दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।