मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित सोमदत्त विहार में 18 जनवरी हो हुई कार्तिक की हत्या में अब तुषार का भी नाम सामने आया है। कुछ दिन पहले कार्तिक की हत्या का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने वीडियो की जांच की तो उसमें तुषार नाम का युवक भी दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी भी जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया के अनुसार गत 18 जनवरी को सोमदत्त विहार स्थित बीडीएस स्कूल के सामने प्रवेश विहार निवासी कार्तिक भड़ाना की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। कार्तिक मूलरूप से थाना खरखौदा के गांव फफूंडा का रहने वाला था। कार्तिक के चाचा ललित भड़ाना की तहरीर पर मेडिकल थाने में दो सगे भाई वरुण शर्मा व तरुण शर्मा समेत छह युवकों को नामजद किया था। पुलिस ने पांच आरोपियों को जेल भेज और एक नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा था।
उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले कार्तिक की हत्या का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो की जांच में तुषार भी दिखाई दिया, जो कार्तिक की हत्या में शामिल था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सीओ ने बताया कि विवेचना में सामने आया है कि नाबालिग कार्तिक की हत्या के दौरान अपने घर पर था। उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।