मेरठ। ट्रांसपोर्ट नगर में एक कबाड़ी की दुकान पर सोतीगंज की तर्ज पर ट्रक काटने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को अपनी निगरानी में ले लिया और मौके से दो लोगों को भी हिरासत में लिया। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सोतीगंज की तरह अब टीपीनगर में भी बड़े वाहन काटे जा रहे हैं।
पुलिस को दोपहर सूचना मिली कि टीपीनगर में एक कबाड़ी के यहां पर ट्रक काटा जा रहा है। इसकी आरटीओ के यहां से कैंसिलेशन भी नहीं कराई गई। इसे अवैध रूप से काटा जा रहा है। पता चलते ही पुलिस ने यहां छापा मारा। पुलिस को यहां अलीगढ़ के नंबर वाला ट्रक खड़ा मिला। यह ट्रक 2008 मॉडल का था। ट्रक के टायर और कुछ अन्य पार्ट्स निकाले जा चुके थे। बाद में पुलिस ने ट्रक को अपनी निगरानी में ले लिया। मौके से दो लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने दावा किया कि ट्रक काटने की कैंसिलेशन रिपोर्ट आरटीओ को भेजी जा चुकी है। नियमानुसार ही ट्रक काटा जा रहा था।
इस मामले में टीपीनगर थाना प्रभारी संतशरण सिंह ने बताया कि आरटीओ से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि गाड़ी काटने के बाद भी कैंसिलेशन रिपोर्ट ली जा सकती है। कुछ मामलों में गाड़ी काटने वाले कबाड़ी कैंसिलेशन रिपोर्ट इस वजह से पहले नहीं लेते कि फिर वाहन मालिक गाड़ी कटवाने की बजाय उसे किसी अन्य को बेच देता है। फिलहाल दोनों लोगों को छोड़ दिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।