मेरठ। एसएसपी ऑफिस पर बृहस्पतिवार को शिकायत करते हुए इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि तीन सितंबर को वह अपने देवर के साथ कार में दौराला से अपने गांव जा रही थी। इसी बीच खरदौनी गांव के पास पीछे से आए स्कार्पियो सवार छह आरोपियों ने ओवरटेक कर उनकी कार रोक ली। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उनकी कार का शीशा तोड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि छेड़छाड़ करते हुए कार से खींचने का प्रयास किया। महिला व उसके देवर ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया था तो उन्होंने दोनों के साथ मारपीट की और भाग गए। पीड़िता ने एसएसपी ऑफिस पर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह का कहना है कि फिलहाल शिकायत पत्र उनके पास नहीं आया है। शिकायत पत्र प्राप्त होने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद