मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में स्थित जय अंबे फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन युवक किन्नू ने चादर से फंदा बनाकर जान देने की कोशिश की। उसे अचेत अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टीपीनगर थाना प्रभारी निरीक्षण अरुण मिश्रा ने बताया कि किन्नू पंजाब के मोहाली शहर के सारंग नगर नया गांव की जनता कॉलोनी का रहने वाला है। हापुड़ निवासी नशा मुक्ति केंद्र के संचालक मनीष ने पुलिस को बताया कि किन्नू को उसके परिजनों ने 30 सितंबर 2025 को उपचार के लिए केंद्र में भर्ती कराया था। मंगलवार शाम करीब शाम चार बजे मनीष केंद्र में मरीजों का निरीक्षण कर रहे थे तभी उन्होंने किन्नू को कमरे में चादर के फंदे से लटका हुआ देखा। उसे फंदे से उतारकर जगदंबा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उनकी हालत नाजुक बनी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।