बाल भारती पब्लिक स्कूल में शहीदी दिवस पर गुरु तेग बहादुर को श्रद्धांजलि देते हुए छात्र छात्राएं
- फोटो : credit
मवाना। बाल भारती पब्लिक स्कूल में गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया। प्रधानाध्यापिका संगीता रस्तोगी ने बताया कि वर्ष 1675 में मुगल बादशाह औरंगजेब के आदेश पर गुरु तेग बहादुर का दिल्ली के चांदनी चौक में सार्वजनिक रूप से बलिदान हुआ था, जहां आज शीश गंज गुरुद्वारा स्थापित है। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर का यह महान बलिदान किसी एक समुदाय के लिए नहीं, बल्कि समस्त मानवता के धार्मिक स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार की रक्षा के लिए था। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुष्का वर्मा, मनीष खन्ना, रितु सिंघल, स्वाति खन्ना, रवि सहगल सहित अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।