मेरठ। नवरात्र से पहले ही मां वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेनें अभी से फुल हो गई हैं। रेलवे ने भी मेरठ से होकर गुजरने वाली कोई त्योहार स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई है। ऐसे में यात्रियों को मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने में परेशानी होगी। ऐसे में तत्काल टिकटों पर निर्भर रहना पड़ेगा या फिर दिल्ली व सहारनपुर से जम्मूतवी और कटरा की ट्रेनें पकड़नी होंगी।
इस बार तीन अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्र में काफी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। मेरठ से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने के लिए केवल दो ही ट्रेनें शालीमार एक्सप्रेस और सूबेदारगंज-ऊधमपुर एक्सप्रेस हैं। इनमें शालीमार एक्सप्रेस प्रतिदिन चलती है, जबकि सूबेदारगंज एक्सप्रेस सप्ताह में दो ही दिन चलती है। दोनों ही ट्रेन पूरे नवरात्र में फुल हैं। स्लीपर में वेटिंग सबसे अधिक चल रही है। शालीमार में स्लीपर की वेटिंग लिस्ट 78 तक पहुंच गई है, जबकि थर्ड एसी में भी वेटिंग 24 तक चल रही है। आने वाले दिनों में आरक्षित टिकटों की यह वेटिंग लगातार बढ़ती जाएगी।
वहीं, मेरठ मार्ग से होकर कोई भी त्योहार स्पेशल ट्रेन भी अभी तक नहीं चलाई गई है। ऐसे में यात्रियों को शारदीय नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जाने में परेशानी होगी। रेलवे ने सहारनपुर से होकर गुजरने वाली चार स्पेशल ट्रेन विभिन्न स्थानों से जम्मूतवी तक चलाई है। ऐसे में यात्रियों के पास सहारनपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों का ही विकल्प रहेगा।