मवाना। थाने के सामने मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर नाले की पुलिया पर सोमवार से आवागमन शुरू हो गया है। नगर के लोगों को इससे बड़ी राहत मिली है। मवाना थाने के सामने नाले की पुलिया जर्जर अवस्था में होने के कारण पीडब्ल्यूडी ने 16 मार्च से इसके पुनर्निर्माण का काम शुरू किया था। इसके लिए बस स्टैंड पुलिस चौकी, फलावदा चौराहा, थाने के सामने व नहर पुल पर बैरिकेड लगाकर वाहनों को रोका जा रहा था। दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती फलावदा चौराहे व नहर पुल पर की गई थी। इस कारण मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन थाने के सामने से बंद कर दिया गया था। अधिकांश रोडवेज बसें बाईपास मार्ग से होकर गुजर रही थी। पुलिया के निर्माण के कारण लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सोमवार से उक्त पुलिया पर सभी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।