मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के काजमाबाद गून में बुधवार को गांव निवासी प्रशांत अपनी दुल्हन शिवानी को हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचा। इस दौरान ग्रामीण हेलीकॉप्टर और दुल्हन को देखने के लिए उमड़ पड़े। प्रशांत पूर्व प्रधान चौधरी दिलावर सिंह के पोता है। दिलावर सिंह की पत्नी राजकुमारी भी गांव प्रधान रह चुकी हैं। पांच वर्ष पूर्व दिलावर सिंह का देहांत हो गया था। ग्रामीणों का कहना है कि दिलावर सिंह का सपना था कि उनके पोते की दुल्हन गांव में हेलीकॉप्टर से पहुंचे। हापुड़ जिले के लुखराडा गांव निवासी शिवानी से मंगलवार को प्रशांत की शादी हुई। गांव के एक खेत में हेलीकाप्टर के लिए हेलीपैड बनाया गया। दूल्हा-दुल्हन का ग्रामीणों और परिजनों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। प्रशांत ने कहा कि आज उनके दादा का सपना पूरा हो गया। प्रशांत की दादी राजकुमारी भी प्रशांत और दुल्हन शिवानी के साथ हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचीं। हेलीकॉप्टर गांव में लाने के लिए मेरठ और हापुड़ प्रशासन से विशेष अनुमति ली गई थी। हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग और उड़ान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन, फायर सेफ्टी विभाग, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों से अनुमति ली गई।