सरधना। थाना क्षेत्र के गांव खिर्वा-जलालपुर निवासी 23 वर्षीय महिला पूजा ने बृहस्पतिवार सुबह पारिवारिक कलह से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया और थाने को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूजा से पूछताछ की और मजिस्ट्रेट को बुलाकर बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार पूजा ने बयान में बताया कि वह पारिवारिक कलह से परेशान थी। इसके चलते उसने आत्महत्या का प्रयास किया। वर्तमान में उसकी हालत में सुधार है। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।