मेरठ। शहर के लिए कलंक बने सोतीगंज के बाजार को भले ही पुलिस बंद करा चुकी हो, मगर वाहन चोरी का सिलसिला जारी है। लिसाड़ी गेट पुलिस ने बुधवार को तीन वाहन चोर तारापुरी जाटों वाली गली निवासी यूसुफ, कोतवाली के इस्माईल नगर निवासी अब्दुल समद और अहमदनगर गली नंबर 12 निवासी जैनुल को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के दस वाहन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह सोतीगंज में शुऐब कबाड़ी को वाहन बेचते थे।
लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने एक गोदाम में छुपाई गईं चोरी की नौ बाइकें, एक एक्टिवा बरामद की है। अब्दुल ने बताया कि सोतीगंज के कबाड़ी शुऐब को चोरी के वाहन पांच से 10 हजार रुपये में देते थे। अब पचास से ज्यादा वाहन चोरी कर शुऐब को बेच चुके है। उधर, सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कबाड़ी शुऐब की भी तलाश की जा रही है। संवाद