मेरठ। मवाना में मेरठ रोड पर सांधन पुलिया के पास स्थित गोल्डन एवेन्यू काॅलोनी में 26 सितंबर की रात डकैती के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। एक बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है। खेत में दबी हुई सुरक्षाकर्मी की दोनाली बंदूक व अन्य सामान भी पुलिस ने बरामद किया है। फरार चार बदमाशों को पुलिस तलाश कर रही है।
मेरठ रोड पर सांधन पुलिया के पास गोल्डन एवेन्यू काॅलोनी में 26 सितंबर की रात चहारदीवारी कूदकर अंदर घुसे सात बदमाशों ने हथियारों के बल पर सुरक्षाकर्मी दीपक कुमार और मनोज कुमार को बंधक बना लिया था। ढाई घंटे तक बदमाश कॉलोनी में रहे। बदमाशों ने मारपीट करते हुए मनोज से लाइसेंसी दोनाली बंदूक, छह कारतूस, ट्रांसफार्मर का कीमती सामान, पांच मोटर, दोनों सुरक्षाकर्मी के मोबाइल, दो बाइकों की बैटरी, साइकिल आदि सामान लूट दिया था। बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर लेकर दीवार तोड़कर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर आईजी नचिकेता झा भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस की चार टीमों के साथ क्राइम ब्रांच व सर्विलांस टीम को भी खुलासे के लिए लगाया गया था।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस टीम सांधन पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो वह सांधन गांव की ओर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो पैर में गोली लगने से मोहित उर्फ भूरा निवासी उलखपुर थाना इंचौली घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी रंजीत उर्फ बाले निवासी नंगला मुख्तियारपुर थाना इंचौली लूटी गई दोनाली बंदूक फेंककर खेतों में घुस गया। पुलिस ने काॅंबिंग कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में पुलिस ने इनसे पूछताछ कर तीसरे बदमाश मन्नू निवासी उलखपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, लूटा गया सामान बेचकर मिले 13,700 रुपये, एक मोबाइल और एक बाइक बरामद की है।
-
ये बदमाश अभी फरार
घटना को सात बदमाशों ने अंजाम दिया था। चार अभी फरार है। सलारपुर गंगानगर निवासी भोला, मैथना इंचौली निवासी दीपांशु उर्फ लोहरू और कुंदन व पबला इंचौली निवासी साजिद उर्फ भूरा की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कई नलकूपों पर की है चोरी
पुलिस ने पूछताछ में बताया कि बदमाशों ने जंधेड़ी गांव में 14 किसानों के नलकूपों पर स्टार्टर और केबल चोरी किए थे। इसके अलावा खेड़की जदीद गांव में दो किसानों के नलकूप से स्टार्टर चोरी किए थे। दोनों के मुकदमे थाने में दर्ज हैं।
एक बदमाश को ई-रिक्शा में लेकर पहुंची पुलिस
डकैती के खुलासे के लिए मवाना पुलिस एक बदमाश को ई-रिक्शा से पुलिस लाइन लेकर पहुंची। मीडियाकर्मियों ने यह वाक्या कैमरे में कैद किया तो पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को चलता कर दिया दिया। बाद में तीनों बदमाशों को वाहन से पुलिस लाइन लाया गया।