मेरठ। मेडिकल पुलिस ने मंगलवार आधी रात जागृति विहार एक्सटेंशन से तीन लुटेरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। तीनों महिलाओं से चेन और मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों के पास से तीन तमंचे, एक बाइक और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है।
सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में समीर उर्फ गांधी (26) निवासी गली नंबर दो ऊंचापीर किदवई नगर इस्लामाबाद लिसाड़ीगेट, अनस उर्फ चुहिया (22) निवासी श्यामनगर लिसाड़ीगेट एवं एजाज उर्फ सोनू (21) निवासी कांच का पुल अहमदनगर लिसाड़ीगेट हैं। पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात को तीनों किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। तीनों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ के बाद वे पकड़े गए। मेडिकल थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद बाइक वर्ष 2017 में दिल्ली के जाफराबाद से चोरी की गई थी। समीर के खिलाफ कई थानों में 16 और अनस के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज है।
चोरी की बाइक से करते थे लूट, बाइक कबाड़ में बेच देते थे
आरोपी एजाज और अनस ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि महिलाओं को ज्यादा शिकार बनाते थे। चेन और मोबाइल लूट को अंजाम देकर बाइक से भाग जाते थे। घटना में चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। लूट करने के बाद बाइक कबाड़ी को बेच देते थे। दोनों ने बताया कि मार्च महीने में हापुड़ चुंगी के पास उन्होंने एक गाड़ी चालक को बातों में उलझाकर मोबाइल चोरी किया था। 26 मार्च को जागृति विहार में रात आठ बजे एक महिला से चेन लूट की। चेन आर्टिफिशियल थी, लेकिन उसका लॉकेट सोने का था। उसे आरोपियों ने एक व्यक्ति को पांच हजार रुपये में बेच दिया।