रोहटा। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर रोहटा पेट्रोल पंप के सामने साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रोहटा निवासी राजमिस्त्री मुस्तकीम रविवार देर रात काम से लौट रहा था। उसके साथ शाहरुन और साजिद भी बाइक पर सवार थे। तीनों कैथवाड़ी से कार्य समाप्त कर घर आ रहे थे। वह रोहटा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो अचानक सामने एक साइकिल सवार आ गया। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक मुस्तकीम ने संतुलन खो दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और तीनों युवक घायल हो गए।