सरधना। थाना क्षेत्र के गांव बपारसी में हत्या के मुकदमे में गवाही देने पर एक युवक को हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बताया कि उस पर मुकदमा वापसी का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
गांव बपारसी निवासी विनोद पुत्र राहुल ने बताया कि गांव के ही लोगों पर हत्या का मुकदमा चल रहा है। तीन साल पूर्व 2021 में थाने में हुई बपारसी निवासी सुरेंद्र सिंह हत्या के मामले में विनोद और उसके पिता राहुल गवाह हैं। अब इस मामले में विनोद की अदालत में गवाही होनी है। आरोप है कि आरोपी पक्ष उन पर समझौते का दबाव बना रहा है। इसके अलावा मुकदमे में गवाही देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। धमकी से परिवार में दहशत बनी हुई है। पीड़ित ने इस मामले में एसएसपी को शिकायत पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।