संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सऊदी अरब में रियल एस्टेट का कारोबार करने वाले आरिफ को बदन सिंह बद्दो के नाम से ऑडियो रिकार्डिंग भेजकर धमकी दी गई है। साथ ही कहा कि तुम्हारे चाचा सपा नेता हाजी इसरार सैफी को भी सबक सिखाया जाएगा। इससे कारोबारी और उसका परिवार भयभीत है। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से करते सुरक्षा की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट निवासी आरिफ ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका सऊदी अरब में रियल एस्टेट का कारोबार है। पंजाब निवासी संदीप नाम के व्यक्ति ने उनके पास व्हाट्सएप पर दो ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी। जिसमें धमकी दी गई है कि इस समय तेरे घर के आस-पास फील्डिंग लगी हुई है। दिखाई देने पर एक इशारा मिलते ही तेरा इलाज हो जाएगा। तेरे चाचा हाजी इसरार सैफी को भी सबक सिखाएंगे।
इस समय विक्की त्यागी के साथ उसके मेरठ वाले घर पर हूं। विक्की त्यागी को यदि नहीं जानता तो विक्की त्यागी और बदन सिंह बद्दो के बारे में जानकारी कर ले। ये धमकियां उन्हें सऊदी अरब में हुई एक रियल एस्टेट डील से अलग रहने के लिए दी जा रही हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।