मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीसरी मेरिट सूची और प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में नौ सितंबर को तीसरी मेरिट तैयार की जाएगी। महाविद्यालय और परिसर विभाग समर्थ पोर्टल से पंजीकृत अभ्यर्थियों का डेटा डाउनलोड कर, वेटेज और आरक्षण नियमों के अनुसार तीसरी वरीयता सूची तैयार करेंगे। इसी दिन शाम को चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने अथवा एडमिशन ऑफर का शेड्यूल जारी किया जाएगा। 10 और 11 सितंबर को अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं अन्य अभिलेखों की जांच के बाद प्रवेश की पुष्टि की जाएगी। विवि ने स्पष्ट किया है कि तीसरी सूची अलग से पोर्टल पर अपलोड नहीं की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को सीधे रिव्यू और प्रोसेस के माध्यम से एडमिशन ऑफर या शुल्क जमा करने का शेड्यूल जारी किया जाएगा। संवाद