सरूरपुर। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी उम्मेद पुत्र मुनफत के घेर में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोलकर तीन भैंस चोरी कर ली। पीड़ित किसान अगले दिन जब पशुओं को चारा डालने के लिए पहुंचा तो घटना के बारे में जानकारी हुई। पीड़ित किसान उम्मेद ने तहरीर में बताया कि घर से कुछ ही दूरी पर उसके घेर में बंधी तीन भैंसों को चोर रात के अंधेरे में खोलकर ले गए। शनिवार सुबह परिजन जागे तो भैंसें गायब मिली। पीड़ित ने आसपास के जंगल में भैंसों की काफी तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।