सरधना। थाना क्षेत्र के गांव ईकड़ी में आभूषण चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रवीण शर्मा पुत्र सत्यप्रकाश निवासी गांव ईकड़ी ने बताया कि वह मंगलवार सुबह घर से बाहर गया हुआ था। घर पर ताला लगा था और उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। आरोप है कि दोपहर लगभग 3:00 बजे जब उनकी मां घर पहुंचीं तो उन्होंने घर के बाहर दो युवकों को संदिग्ध हालत में भागते हुए देखा। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो देखा कि घर के गेट की जाली कटी हुई थी और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार अलमारी और संदूक का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इनमें सोने के कुंडल, अंगूठी तथा चांदी के पायल सहित अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।