मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में मेरठ कॉलेज के बाहर खड़ी कार से 80 हजार रुपये चोरी होने का शोर मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित दंपती घर पहुंचे तो नकदी वहां रखी मिली। इस पर दंपती ने राहत की सांस ली। कंकरखेड़ा निवासी सौरभ चौधरी मंगलवार सुबह पत्नी के साथ कार से मेरठ कॉलेज में किसी काम से आए थे। कार कॉलेज के गेट के बाहर खड़ी कर दोनों अंदर चले गए। काम निपटाने के बाद बाहर आए तो कार का एक गेट खुला था। सौरभ चौधरी ने कार से 80 हजार की नकदी चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। लालकुर्ती पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। काफी देर तक पुलिस इस मामले को लेकर माथापच्ची करती रही, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं आया। सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दंपती घर पहुंचे तो रकम वहां रखी मिली। वह नकदी घर से लाना ही भूल गए थे। बाद में उन्होंने फोन कर पुलिस को नकदी घर पर मिलने की सूचना दी है। संवाद