मीरापुर। सोमवार को घर से नोएडा डयूटी पर जा रहे मीरापुर निवासी पीएसी के जवान रोमिल चौधरी की गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हादसे में मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना पाकर परिजन रवाना हो गए हैं। परिजनों व मोहल्लावासियों में शोक है। मीरापुर के मोहल्ला दक्षिणी मुश्तर्क निवासी रोमिल चौधरी पुत्र डॉ. अनिल चौधरी पीएसी में सिपाही था। वर्तमान में उसकी डयूटी 49 पीएसी बटालियन नोएडा में चल रही थी। शनिवार को रोमिल छुट्टी पर घर आया था। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे वह अपनी बाइक से नोएडा जाने के लिए घर से चला था। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। भोजपुर पुलिस को उसकी जेब से मिले कागजातों से पहचान हुई। तब पुलिस ने उसकी बटालियन व परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की जानकारी पाकर परिजनों व मोहल्ले में शोक छा गया। परिजन गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए थे। मृतक के भाई कपिल ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध भोजपुर थाने में दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कराया है। देर शाम तक शव घर नहीं आया था। उधर, मृतक के घर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ था।