शादी में गए व्यापारी के मकान में लाखों की चोरी
मेरठ। शादी समारोह में परिवार संग शामिल होने गए व्यापारी के मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी, एलईडी और इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ले गए। शनिवार दोपहर घर पहुंचे तो घटना का पता चला। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। पीड़ित ने रेलवे रोड थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे रोड थाना क्षेत्र के साबुन गोदाम निवासी सुरेश चंद ने बताया कि वह रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ दिल्ली के मंगलौरपुरी गए थे। इस दौरान चोर मकान में घुस आए और अलमारी का लॉक तोड़कर 45 हजार रुपये की नकदी, एक एलईडी और इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ले गए।
वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित व्यापारी ने रेलवे रोड थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। चोरों की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।