खैरनगर में तीन दुकानों में चोरी के
खुलासे के लिए सीसीटीवी खंगाले
मेरठ। देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैरनगर में शुक्रवार आधी रात तीन दुकानों में लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और पीड़िताें के बयान भी दर्ज किए। हालांकि अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस के मुताबिक बुढ़ाना गेट निवासी सुधीर कुमार चौरसिया की खैरनगर पान बाजार में दुकान है। इनकी दुकान के साथ ही चोर शाह और लियाकत की दुकान के ताले तोड़कर नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस पर समय पर गश्त न करने और निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। चोरों तक पहुंचने के प्रयास जारी है।