मेरठ। परतापुर तिराहा स्थित इंटरचेंज के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे टीएसआई से कार सवार दो युवकों ने खुद को अधिवक्ता बताते हुए अभद्रता कर दी। मौके पर अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मी पहुंचे तो दोनों भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा उन्हें पकड़ लिया और थाने ले आई। बाद में दोनों को छोड़ दिया गया।
इंटरसेप्टर पर तैनात टीएसआई विशेष देशवाल इंटरचेंजर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ से गाजियाबाद की ओर जा रही एक गाड़ी को टीएसआई ने रुकने का इशारा किया। दो युवक कार से नीचे उतरे और खुद को गाजियाबाद कोर्ट में अधिवक्ता बताते हुए रौब गालिब किया। टीएसआई ने गाड़ी के कागज मांगे तो दोनों युवकों ने अभद्रता शुरू कर दी। पास ही चेकिंग कर रहे अन्य ट्रैफिक पुलिसकर्मी पहुंचे, जिन्हें देखकर कार सवार युवक भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें काशी टोल प्लाजा पर पकड़ लिया। युवकों ने बताया कि टीएसआई सड़क के बीच में खडे होकर चेकिंग कर रहे थे। गाड़ी के ब्रेक भी इमरजेंसी में लगाने पडे़। इससे हादसा हो सकता था। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों को छोड़ दिया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।