जानसठ। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के गांव चौरावाला के ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव में किसी भी पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीते, लेकिन विकास होना चाहिए। हमें ऐसा जनप्रतिनिधि चाहिए, जो क्षेत्र का विकास करा सके। क्षेत्र में अमन चैन और भाईचारा कायम कराने में सहयोग करें। बेरोजगार युवकों को रोजगार दिलाने का काम करें। ग्रामीण दिलशाद का कहना है कि विधानसभा के उप चुनाव में कोई भी प्रत्याशी विधायक बने। हम चाहते हैं कि क्षेत्र में अमन चैन बना रहे और आपस में भाईचारा हो। अगर क्षेत्र में भाईचारा बना रहेगा तो, विकास स्वयं ही हो जाएगा। ग्रामीण सोनू का कहना है कि चुनाव में सभी पार्टियों के प्रत्याशी वोट मांगते हैं और चुनाव जीतकर चले जाते हैं। चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि गांव में लोगों के दुख दर्द में शामिल भी नहीं होने आते हैं। जनप्रतिनिधि चुनाव जीतकर क्षेत्र में फैक्टरी लगा दें, तो बेरोजगार युवकों को रोजगार मिल सकता है। ग्रामीण गुलशेर का कहना है कि क्षेत्र में विकास का अभाव है। सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। रोडवेज बसों का प्रतिक्षालय नहीं बना है। रोडवेज बसों का संचालन कम है। रोडवेज बसों की संख्या बढ़नी चाहिए। जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देते हैं। ग्रामीण सुलेमान का कहना है कि राजनीति दलों को भेदभाव नहीं करना चाहिए। जाति बिरादरी की राजनीति नहीं होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों को जाति धर्म को देखकर विकास नहीं करना चाहिए। चुनाव के बाद जनप्रतिनिधि को सभी लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करना चाहिए।