बहसूमा। ओवर लोड वाहनों पर रिफ्लेक्टर न लगे होने से घने कोहरे से हादसों की संख्या बढ़ रही है। पेराई सत्र शुरू होते ही इन दिनों गन्ना लेकर चीनी मिल में आने जाने वाले वाहनों का दबाव बहसूमा-रामराज रोड पर बढ़ जाता है। वहीं, इन वाहनों पर रिफ्लेक्टर न लगे होने से कोहरे में दिखाई नहीं पड़ते हैं। जिसके चलते सड़क दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। वहीं अन्य वाहन चालकों को भी कोहरे में बिना रिफ्लेक्टर के आगे चल रहे वाहन का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। बहसूमा में बाईपास तिराहा, मोहल्ला बसी, कैलाशपुरी, मुख्य बाजार को जाने वाले मार्ग व महमूदपुर सिखेड़ा के अलावा रामराज पुलिस चौकी के तीव्र मोड़ पर भी खतरा रहता है। कई बार यहां बड़े हादसे हो चुके हैं।