लावड़। इंचौली थाने के गांव बिसौला में बृहस्पतिवार शाम घेर में खड़ा ट्रैक्टर सेल्फ लगने से स्टार्ट हो गया। उसकी चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, घेर में खड़े ट्रैक्टर के तार मिलने के कारण सेल्फ लग गया। इससे वह स्टार्ट हो गया। ट्रैक्टर गियर में होने के कारण घेर की दीवार से जा टकराया। ट्रैक्टर के पहिये स्लिप होकर घूमते रहे। उसे बंद करने दौड़े बुजुर्ग रघुवर दयाल पुत्र तेज सिंह पहिए के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े। बुजुर्ग को बमुश्किल निकाला। शव का शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया। संवाद