गांव धूमा नंगली में खेत की पैमाईश करती तहसील की टीम। (स्त्रोत तहसील) मवाना।
मवाना। गांव धूमा नंगली निवासी रमेश गिरी की शिकायत पर बुधवार को तहसील टीम ने गांव में पहुंचकर जमीन की पैमाइश की। पीड़ित ने 26 मई को ग्रामीणों के साथ तहसील में धरना देने के साथ ही तहसीलदार निरंकार सिंह को दिए शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि उसका रकबा पहले से ही 1600 मीटर घटा हुआ है। इस संबंध में 12 मई को पैमाइश कराने के लिए पत्र दिया था। तहसीलदार ने कानूनगो को आदेश दिए थे। कानूनगो ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके खेत में आज तक गेहूं की फसल खड़ी हुई है। उसे भारी नुकसान हो रहा है। वह दो साल पहले आग की चपेट में आने से अपाहिज हो चुका है। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। जल्द से जल्द पैमाइश कराने की मांग की। इस मामले में बुधवार को कानूनगो सीताराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेत की पैमाइश की। कानूनगो का कहना है कि वह अपनी रिपोर्ट एसडीएम को देंगे।