खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच करती एसआरएम की टीम (संवाद)
खरखौदा। स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) की टीम ने मंगलवार को सीएचसी खरखौदा सहित चार आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखी। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति जांची। सहारनपुर के उपमुख्य चिकित्साधिकारी (एनयूएचएम) एएस मलिक और जिला स्वास्थ्य संचार प्रबंधक (डीएचसीएम) सचिन कपिल ने सीएचसी का जायजा लिया। उन्होंने लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, आकस्मिक कक्ष, पैथोलॉजी और एक्सरे कक्ष का निरीक्षण किया। टीम ने दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की। स्टॉक रजिस्टर से उनका मिलान भी किया गया। अभिलेखों में कोई कमी नहीं मिली और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। टीम ने परिसर की साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष जताया।