अटेरना की प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील में बच्चों को मीनू के अनुसार मध्यान भोजन नहीं दिए जाने
- फोटो : SARDANA
मेन्यू के अनुसार मिड डे मील न देने का आरोप
सरधना। अटेरना स्थित प्राथमिक विद्यालय में मानक के अनुसार मिड डे मील मेन्यू के अनुसार न देने का आरोप ग्र्राम प्रधान ने प्रधानाचार्य पर लगाया है। ग्राम प्रधान कुलदीप, जितेंद्र, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश, अजयपाल, अनिल कुमार आदि बुधवार को स्कूल पहुंचे। बच्चों से मिड डे मील के बारे में पूछता तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। प्रधान के मुताबिक बुधवार दोपहर मील में ताहरी और दूध दिया जाना था पर बच्चों को केवल ताहरी ही दी गई। पूछने पर प्रधानाचार्य हरीश पंवार ने बताया कि दूध उपलब्ध न होने के चलते आज दूध नहीं दिया जा सका है। प्रधानाचार्य ने भी प्रधान कुलदीप से कहा कि स्कूल में जो शौचालय निर्माण कराया गया है, वह अधूरा पड़ा है, उसे क्यों पूरा नहीं कराया जा रहा, जबकि शौचालय निर्माण सरकार की प्राथमिकता का विषय है। जिसके बाद प्रधान व प्रधानाचार्य के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इसी बीच एनपीआरसी सुनील कुमार भी स्कूल जा पहुंचे ओर उन्होंने भी बच्चों से मिड डे मील के बारे में जानकारी ली। एनपीआरसी ने बच्चों को दूध न मिलने की बात रजिस्टर में नोट की। कुल मिलाकर प्रधानाचार्य और ग्राम प्रधान अपने-अपने कार्यों को लेकर आमने सामने हैं।