कबाड़ियों ने युवक को कार में डालकर पीटा, पुलिस ने एक आरोपी दबोचा
मेरठ। पुलिस से मुखबिरी के शक में जली कोठी निवासी उमर को कुछ कबाड़ियों ने छतरी वाले पीर के पास कार में डाल लिया और उसे सोतीगंज तक कार में पीटते हुए ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो कुछ युवक फरार हो गए और सोतीगंज मछली बाजार निवासी इरशाद उर्फ छोटन को दबोच लिया। पुलिस ने उनकी कार भी कब्जे में ले ली।
इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत का कहना है कि जली कोठी निवासी उमर शादी समारोह में खाना बनाता है। रात को वह एक समारोह से लौट रहा था। छतरी वाले पीर पर कुछ कबाड़ियों ने उसको कार में डाल लिया। इसके बाद पीटते हुए सोतीगंज तक ले गए। यहां कार से उतारकर उसे पीटा। इसी बीच, सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देख कुछ युवक फरार हो गए जबकि इरशाद उर्फ छोटन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।