ब्रह्मपुरी में छत से कूदी सेवानिवृत्त प्रिंसिपल की बेटी, मौत
मेरठ। ब्रह्मपुरी में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की बेटी ने छत से कूदकर जान दे दी। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने में थे, तभी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सुभाष अत्री के अनुसार, ब्रह्मपुरी के लोधो की फूल मंडी में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डालचंद परिवार संग रहते हैं। बुधवार को उनकी बेटी पिंकी (30) ने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसकी मौके पर मौत हो गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही बेटी के अंतिम संस्कार की तैयारी में लग गए। पड़ोसी की सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिनजनों के बयान लिए। पुलिस का दावा है पीड़ित परिवार पहले पिंकी के छत से गिरने की बात बता रहा था। फिर मानसिक बीमार होने के बाद पिंकी के छत से कूदने की बात बताई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं, टीपी नगर क्षेत्र में बुधवार को बिट्टू नामक युवक सीढ़ी से गिर गया। उसे गंभीरावस्था में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ब्यूरो