सरधना। ऐतिहासिक मेला बूढ़ा बाबू में देहाती रागनी कार्यक्रम के दौरान रामलीला के मंच पर अश्लील नृत्य के मामले में टीम ने जांच कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है। टीम ने जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में अश्लील नृत्य किया गया। प्रशासन की तरफ से आयोजन कमेटी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
नौ जुलाई की रात मेला बूढ़ा बाबू के अंतर्गत रामलीला के मंच पर देहाती रागनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, लेकिन सारी मर्यादाओं को अनदेखा करते हुए रामलीला मंच पर कलाकारों ने अश्लील नृत्य किया। साथ ही मंच पर बैठे लोगों ने नृत्य कर रही महिला कलाकारों पर नोट भी उड़ाए। इसके बाद कलाकारों के अश्लील नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जबकि कुछ दिन पहले भी भाजपा पदाधिकारियों ने रामलीला मंच पर जूते, चप्पल लेकर चढ़ने का विरोध करते हुए हंगामा किया था। रामलीला मंच पर अशोभनीय आयोजन होने से समाज के लोगों में रोष बना है।
एसडीएम ने मामले की जांच नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार व इंस्पेक्टर सरधना प्रताप सिंह को सौंपी थी। टीम ने वीडियो फुटेज की जांच कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि रागनी कार्यक्रम के नाम पर अश्लील नृत्य किया गया। जांच के बाद प्रशासन की तरफ से आयोजन कमेटी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वर्जन...
रामलीला मंच पर हुए अश्लील नृत्य के मामले में वीडियो के आधार पर जांच की गई है। टीम ने जांच रिपोर्ट सौंप दी है। आयोजन कमेटी का स्पष्टीकरण मिलने के बाद आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - महेश प्रसाद दीक्षित, एसडीएम