मेरठ। सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सीसीएसयू के स्टूडेंट कॉन्शस क्लब द्वारा आयोजित पॉडकास्ट श्रृंखला डायलॉग्स विद डिग्निटरीज के आध्यात्मिक संस्करण का आयोजन अटल ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गुरु शगुन वशिष्ठ मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आध्यात्मिक दृष्टिकोण से जीवन, शिक्षा और आत्मविकास समझाने का था। पॉडकास्ट के दौरान गुरु ने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए आध्यात्मिकता, मानसिक शांति, आत्मचिंतन और जीवन में संतुलन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता केवल साधना तक सीमित नहीं, बल्कि यह दैनिक जीवन और शैक्षणिक यात्रा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में निदेशक डॉ. नीरज सिंघल, डॉ. केपी सिंह, डीन एवं संरक्षक डॉ. अमरजीत सिंह और डॉ. अर्पित चाबड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।