सौप्रस्थानिक समारोह में शामिल गुरूकुल के स्नातक फोटो आश्रम
जानीखुर्द। गुरुकुल प्रभात आश्रम टीकरी में रविवार को सौप्रस्थानिक समारोह - 2025 का आयोजन किया गया। जिसमें दस वर्ष आश्रम में रहकर अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके ब्रह्मचारियों को विदाई दी गई। मुख्य अतिथि अजय गुप्ता और विशिष्ट अतिथि एनसीआरटी के प्रो. विजयपाल रहे। मुख्य अतिथि अजय गुप्ता ने नव स्नातकों को संदेश देते हुए कहा कि गुरुकुल में रहते हुए विद्यार्जन की इस अमूल्य वेला में आपने जो सीखा है, उस विद्या को यहां से आगे भव्य ऊंचाइयों तक ले जाना चाहिए। बड़े से बड़े लक्ष्यों को सीढ़ी दर सीढ़ी हासिल कर गुरुकुल का मान बढ़ाते हुए गुरु का यश और उज्ज्वल करना चाहिए। आश्रम के कुलाधिपति स्वामी विवेकानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि गुरुकुल में पढ़ने और पढ़ाने की जिन विधियों को यहां सीखा और समझा है, उनका प्रयोग करते हुए भविष्य को यथा विधि संवारना चाहिए। आर्यसमाज, थापर नगर के राजेश सेठी ने नव स्नातकों को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। सुधाकर मुद्रणालय, मेरठ की ओर से नव स्नातकों को उपहार स्वरूप गुरुकुल की गुरु-शिष्य परंपरा को दर्शाते हुए चित्र प्रदान किया। इस दौरान प्रो. विजयपाल, प्रेमप्रकाश, डॉ. प्रशांत, नवनीत, ब्रह्मदत्त, डॉ. यशपाल शास्त्री, प्रो. वाचस्पति मिश्र आदि रहे।