हस्तिनापुर। महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी में राज्यपाल आनंदी बहन पटेल के संभावित दौरे को देखते हुए अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सजवाण, एसडीएम अखिलेश यादव, सीएमओ अखिलेश नारायण, बीडीओ अंबरीश कुमार आदि अधिकारी विकासखंड के पंच प्यारे भाई धर्मसिंह जन्मस्थली सैफपुर कर्मचंदपुर में पहुंचे। यहां बृहस्पतिवार को राज्यपाल के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां पर आंगनबाड़ी केंद्र वेलनेस सेंटर और लैब सेंटर का निरीक्षण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल यहां आंगनबाड़ी केंद्र की गोद भराई की रस्म में शामिल होंगी। साथ ही वह गांव में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं वाले वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण करेंगी और आशा आंगनबाड़ियों से भी बातचीत करेंगी। साथ ही लैब सेंटर का अनावरण करेंगी।
इसके बाद प्राचीन पांडव मंदिर में दर्शन करेंगी। पांडव टीले पर जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर में माता की पूजा अर्चना में शामिल होंगी और पांडव टीले का भ्रमण भी करेंगी। कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस की टीमों ने मॉकड्रिल भी किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान अनुज भाटी, एडीओ राजवीर सिंह, एडीओ आईएसबी विनीत भटनागर, ग्राम सचिव राजकुमार राणा, पंकज यादव, अजय वर्मा, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे।