सरधना। थाना सरूरपुर क्षेत्र के गांव कलीना में किशोरी ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने पुलिस को बिना बताए मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पुलिस को ऑनर किलिंग की सूचना मिली तो श्मशान घाट में जलती चिता में किशोरी का अधजला शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान परिजन फरार हो गए थे। वहीं, देर रात किशेारी का एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला, जिसमें उसने प्रेमी के परिजनों द्वारा शादी से मना करने पर आत्महत्या की बात लिखी मिली। इसके बाद किशोरी के परिजन ग्राम प्रधान के साथ पुलिस से मिले। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मामले की जांच करने के लिए कहा। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए लैब भेज दिया है।
मंगलवार को कलीना गांव में प्रीति पुत्री सत्यवीर की जहर खाकर मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने आनन-फानन में बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार करने की कोशिश की थी। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने चिता से अधजला शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। गांव में चर्चा थी कि ऑनर किलिंग के चलते युवती की हत्या की गई है। हालांकि बाद में पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे जांच के लिए आगरा में फॉरेंसिक लैब भेजा है, जिसमें उसकी हैंड राइटिंग की पहचान की जाएगी। किशोरी ने सुसाइड नोट में प्रेमी युवक का जिक्र करते हुए उससके शादी से इंकार करने पर आत्महत्या करने की बात लिखी थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक सरूरपुर अरुण कुमार मिश्र का कहना है कि ग्राम प्रधान मनोज के साथ मृतक के पिता व कुछ ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर घटना से अवगत कराया। घर पर मिले सुसाइड नोट में लिखे युवक का नाम की भी जांच कराई जाएगी।