फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल के बाहर से बेटी को उठाकर ले गया पिता, अपहरण का मचा हल्ला

विज्ञापन
विज्ञापन
स्कूल के बाहर से बेटी को उठा ले गया पिता, मचा अपहरण का शोर
विज्ञापन

मेरठ। रेलवे रोड क्षेत्र के जैननगर स्थित श्री महावीर शिक्षा सदन स्कूल के बाहर से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे कक्षा छह की छात्रा परी (12) को उसका पिता विजय चौधरी उठाकर ले गया। बच्ची के अपहरण का शोर मचा तो एसपी सिटी, सीओ कैंट समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने चार घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। छानबीन में पता चला कि दंपती के बीच पांच साल से विवाद चल रहा है। पिता बेटी को सुखलालपुर सिकंदराबाद बुलंदशहर स्थित घर पर ले गया था।
विजय की शादी फाजलपुर निवासी मीनू से हुई थी। विवाद के चलते मीनू मायके में बेटी परी के साथ रहती हैं, जबकि 13 साल का बेटा देव विजय के साथ रहता है। बृहस्पतिवार को विजय और देव जैननगर पहुंचे और बेटी को ले गए। अपहरण का शोर मचा तो व्यापारी नेता अजय गुप्ता सहित अन्य लोग पहुंचे। बाद में एसपी सिटी पीयूष सिंह सहित अन्य पुलिस अफसर टीम के साथ आ गए। उन्होंने बच्ची की मां मीनू और मामा वीरेंद्र कुमार से बातचीत की। बाद में विजय को फोन किया तो उसने बताया कि वह बच्ची को सुखलालपुर ले आया। इसके बाद सिकंदराबाद पुलिस की मदद से बच्ची और पिता को यहां लाया गया। पुलिस ने बताया कि बच्ची ने खुद ही पिता के साथ जाने की बात कही है। बच्ची मां के सुपुर्द कर दी गई।
विज्ञापन

परी ने कहा था...पापा मुझे ले जाओ-मम्मी खुद आ जाएगी
एसपी सिटी पीयूष सिंह के मुताबिक परी पिता विजय से लगातार बातचीत करती थी। तीन दिन पहले भी वह बेटी से मिलने आया था। बच्ची कहती थी कि पापा मुझे ले जाओ, मम्मी खुद आ जाएगी। इसके चलते ही विजय ने यह प्लान बनाया। पुलिस के मुताबिक बच्चे माता-पिता को मिलवाना चाहते हैं।
मुझे जान का खतरा, दो बार हो चुका हमला
पुलिस के मुताबिक मीनू ने बयान दिया है कि पति विजय ने दो बार हमला किया है। वह अपने ससुराल जाएगी तो पति उसे मार देगा। पति से जान का खतरा बताकर मीनू ने विजय के खिलाफ एसएसपी ऑफिस में भी शिकायती पत्र दिया है। वहीं, विजय ने कहा कि वह पत्नी को ले जाना चाहता है। बच्ची भी उसके पास रहना चाहती है। दोनों के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं।
विज्ञापन

स्कूल संचालक ने मांगी सुरक्षा
स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्या संतोष कुमार ने पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। उनका कहना कि बच्ची टेंपो से अन्य छात्र-छात्राओं के साथ स्कूल आती है। टेंपो से उतरते ही स्कूल के बाहर से उनके पिता उठाकर ले गए। गनीमत रही कि बच्ची को ले जाने वाले उनके पिता ही थे। यह घटना दूसरी बच्चियां के साथ भी हो सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें