रोहटा। किनौनी गांव में शुक्रवार रात खेत में पानी देने गए किसान का शव शनिवार सुबह पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव किनौनी निवासी 50 वर्षीय महावीर पुत्र भुल्लेह शुक्रवार शाम पांच बजे खेत पर पानी चलाने के लिए गए थे। देररात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने महावीर की तलाश शुरू की। परिजन तलाश करते हुए खेतों पर पहुंचे। वहां ट्यूबवेल के पास पेड़ से महावीर का शव लटका मिला। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा और श्व पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। हालांकि परिजनों द्वारा खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस के मुताबिक शव पोस्टमार्टम को भेजा है। रिपोर्ट आने पर मामला स्पष्ट होगा। दोनों पहलूओं पर जांच की जा रही है।