उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में लॉकडाउन में अनलॉक की सख्ती के बावजूद भी अपराधी खाकी को लगातार चुनौती दे रहे हैं। मंगलवार को पिलखनी में केनरा बैंक की एटीएम उखाड़ने की घटना के बाद अब सहारनपुर-दिल्ली हाईवे पर एसबीआई की इंडस्ट्रियल शाखा की एटीएम को उखाड़ लिया गया। इसमें करीब 17 लाख रुपये की नगदी थी। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब बैंक का स्टाफ यहां काम करने के लिए पहुंचा। बैंक की ओर से सूचित करने के बाद पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इस मामले में सदर पुलिस छानबीन कर रही है।
थाना सदर प्रभारी पंकज कुमार पंत और हसनपुर चौकी पुलिस की टीम ने पहुंचकर बैंक शाखा प्रबंधक महिमन सिंह और स्टाफ के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत की। अब तक की जानकारी के मुताबिक सीसीटीवी के डीवीआर से पता चला है कि रात ढाई बजे के बाद यह घटना हुई है। एटीएम उखाड़ने से पहले एटीएम के बाहर, गेट और फिर अंदर सीसीटीवी के कैमरों की केबिल काट दिए गए। सीसीटीवी फुटेज में फिलहाल एक ही शख्स का पता चला है। वहीं, पुलिस टीम ने इस बैंक के अलावा पेट्रोप पंप सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल शुरू की है, ताकि वारदात को अंजाम देने वालों का सुराग लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: एटीएम को उखाड़कर ले गए चोर, आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
शाखा प्रबंधक महिमन सिंह के मुताबिक इस एटीएम में करीब 17 लाख रुपये कैश था। पुलिस टीम को जानकारी दे दी गई है। वहीं, एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि वारदात की सूचना के बाद टीमें जांच में लगा दी गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
कहीं एक ही गिरोह का काम तो नहीं
दिल्ली रोड पर घटना से पहले सहारनपुर अंबाला हाईवे पर एटीएम को उखाड़ा गया था। लगातार दो घटनाएं हाईवे पर ही की गई हैं। दोनों वारदात में एटीएम उखाड़ा गया है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाला एक ही गिरोह तो सक्रिय नहीं हो गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/