बिजनौर। लोकसभा चुनाव का रण शुरू हो चुका है और इस रण में हर प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए साम, दाम, दंड भेद की रणनीति लगातार समीकरण अपने पक्ष में बनाने में जुटे हुए हैं। इस बीच जातीय राजनीति भी इससे अछूती नहीं है। कमाल यह है कि सभी बड़ी पार्टी के टिकट बिजनौर लोकसभा पर इस तरह बांटे गए हैं कि वे एक दूसरे के कोर वोटर में सेंध लगा रहे हैं। जहां सपा प्रत्याशी भाजपा-रालोद के कोर वोटर में सेंधमारी का दावा रहे रहे हैं, वहीं बसपा प्रत्याशी सपा के कोर वोटर में अपनी पैठ बनाने में लगे हुए हैं। भाजपा-रालोद गठबंधन से प्रत्याशी दोनों पार्टियों के कोर वोटर को बचाने के लिए जी जान लगा रहे हैं।
बिजनौर लोकसभा -
बिजनौर लोकसभा की बात करें तो यहां पर भाजपा का गठबंधन रालोद से हुआ तो चंदन चौहान को गठबंधन का प्रत्याशी बनाया गया। पार्टी का मानना था कि भाजपा के कोर वोटर के साथ रालोद का कोर वोटर और प्रत्याशी के गुर्जर समाज से होने के कारण समाज का वोट भी मिलेगा। बसपा ने चौधरी विजेंद्र सिंह को टिकट दिया। चौधरी विजेंद्र सिंह ने बसपा के कोर वोटर के अलावा मुस्लिम मतदाता और जाट समाज के मतदाताओं के बीच सेंध लगाये का काम किया। ऐसे में सपा ने पहले जहां यशवीर धोबी को टिकट दिया था। बाद में यह टिकट नूरपुर सपा विधायक रामअवतार सिंह सैनी के पुत्र दीपक सैनी को दे दिया। यूं तो भाजपा सैनी मतदाताओं को अपने कोर वोटर में गिनती है, लेकिन सपा से सैनी प्रत्याशी आने के बाद इसमें सेंधमारी का खतरा भी बढ़ गया है। तीनों ही पार्टियां अपने-अपने कोर-वोटर को बचाने में लगी हुई है।
- बिजनौर लोकसभा में 17 लाख 33 हजार मतदाता
बिजनौर लोकसभा भौगौलिक रूप से तीन मंडलों में फैली हुई है। इसमें बिजनौर, चांदपुर, मीरापुर, पुरकाजी, हस्तिनापुर विधानसभा शामिल हैं। राजनीतिक जानकार दावा करते हैं कि इस सीट पर जाट दो लाख से ज्यादा हैं। जाट मतदाताओं को जहां रालोद प्रत्याशी अपनी ओर खींचने में लगे हुए हैं, वहीं बसपा प्रत्याशी ने भी जाट बिरादरी से होने के नाते जाटों के बीच पैठ बनाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा सवा लाख से ज्यादा गुर्जर मतदाता होने का दावा भी किया जाता है, जिस पर रालोद प्रत्याशी अपना दावा जता रहे हैं। सैनी मतदाताओं की बात करें तो इनकी संख्या एक लाख से ज्यादा बताई जाती है। इन मतदाताओं को लेकर रालोद और सपा के बीच खींचतान चल रही है। सपा प्रत्याशी सैनी समाज के होने के चलते सैनियों को रिझाने में लगे हुए हैं। वहीं मुस्लिम मतदाताओं की बात करें तो करीब पांच मुस्लिम मतदाता बिजनौर लोकसभा सीट पर बताए जाते हैं। इन्हें लेकर सपा और बसपा दोनों ही अपने पाले में करने के लिए जोर आजमाइश में लगी हुई है। इसी तरह इस सीट पर करीब 70 हजार ठाकुर, 50 हजार से ज्यादा वैश्य, दो लाख से ज्यादा दलित मतदाता भी हैं।
-बिजनौर लोकसभा में कुल 1733372 मतदाता है। इनमें 921187 पुरुष मतदाता और 812094 महिला मतदाता हैं तथा 91 मतदाता अन्य हैं।
- बिजनौर लोकसभा की विधानसभा बार मतदाताओं की संख्या
- विधानसभावार - पुरुष - महिला - अन्य
पुरकाजी (सुरक्षित) - 177267 - 155816 - 16
मीरापुर विधानसभा - 173334 - 155282 - 16
हस्तिनापुर (सुरक्षित) - 189389 - 159859 - 21
बिजनौर विधानसभा - 206830 - 187821 - 14
चांदपुर विधानसभा - 174367 - 153316 - 24
कुल मतदाता - 921187 - 812094 - 91